पंजाब के लुधियाना में एक युवती को पड़ोसी ने इंटरनेट ठीक करने के बहाने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं आरोपी ने उसे धमकी दी और बाद में घर में घुसकर मारपीट कर युवती को घायल कर दिया। युवती के परिवार वालों ने शिकायत थाना डिविजन चार पुलिस को दी।
पुलिस ने मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस दी शिकायत में बताया कि पड़ोसी ने उसकी बेटी को इंटरनेट खराब होने के बहाने अपने घर बुलाया। इसी दौरान आरोपी ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। जब युवती आरोपी को धक्का देकर अपने घर पहुंची और परिवार को इसकी जानकारी दी तो आरोपी ने अपने परिवार सहित घर में दाखिल होकर उन्हें पीटा और डंडे से वार कर युवती को बुरी तरह घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद थाना डिविजन चार पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
देवर पर लगाया अश्लील हरकत करने का आरोप तो खाने में मिलाया नशीला पदार्थ
उधर, एक अन्य मामले में एक विवाहिता ने अपने देवर पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया। इतना ही नहीं महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके खाने में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि वह अपने घर में नहा रही थी तो आरोपी उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब उसने इसका विरोध किया और ससुरालवालों को बताया तो सभी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इसके बाद उसकी ननद भी उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगी और आरोपी देवर ने उसके खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया।
इसके बाद वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो उसके गले में रस्सी डाली पड़ी थी। इसके बाद वह घबरा गई और उसने इसकी शिकायत पुलिस के पास की। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना बस्ती जोधेवाल के प्रभारी गुरमुख सिंह ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। यह एक परिवारिक मामला है जिसकी जांच आगे की जा रही है।