लुधियाना में खनन अधिकारियों पर हमला
- फोटो : अमर उजाला
लुधियाना के गांव खड़क में मंगलवार देर रात रेत माफिया ने माइनिंग अधिकारियों पर हमला कर दिया। हमले में तीन मुलाजिम घायल हो गए। वह देर रात सिविल अस्पताल पहुंचे। बुधवार सुबह उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस आरोपियों पर केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। माइनिंग विभाग में तैनात एसडीओ बलविंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब 1 बजे उन्हें सूचना मिली कि गांव खड़क में अवैध तरीके से रेत निकाली जा रही है।
सूचना के आधार पर वह अपने साथ जूनियर इंजीनियर मनप्रीत सिंह और ड्राइवर टेक चंद को लेकर मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने पर रेत निकाल रहे लोग मौके से भाग खड़े हुए। उन्होंने वहां पर छह ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया। अभी वे कागजी कार्रवाई कर ही रहे थे कि अचानक कुछ लोगों ने लाठियों और लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया।
वे किसी तरह वहां से जान बचाकर भागे। हमले में एसडीओ बलविंदर सिंह, जेई मनप्रीत सिंह और ड्राइवर टेकचंद को चोटें आई हैं। वे रात के समय सीधे सिविल अस्पताल पहुंचे। बुधवार सुबह उन्हें छुट्टी मिल गई है। इस मामले की शिकायत उन्होंने पुलिस को दे दी है। वहीं अपने आला अधिकारियों को भी इस घटना से अवगत करवा दिया है।
पुलिस को इस मामले की शिकायत मिल चुकी है। पुलिस ने हमला करने वाले लोगों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में विघ्न डालने के अलावा अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कुछ आरोपियों की पहचान हो चुकी है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। -समीर वर्मा, एसीपी (पश्चिमी)