डायरेक्टर, एक्टर व सिंगर परमीश वर्मा पर हुए जानलेवा हमले के तार अब वकील अमरप्रीत सिंह सेठी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे गैंगस्टर धर्मेंद्र गुगनी से जुड़ गए। पुलिस गुगनी को नाभा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर ले आई है । मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। डीएसपी सिटी एक अमरोज सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले जिला पुलिस ने गैंगस्टर दिलप्रीत सिंह से पूछताछ की थी। उस समय पता चला था कि गुगनी के शार्ट शूटर बुढढा से संबंध हैं। बुढ्ढा दिलप्रीत के लिए काम करता रहा है। इतना ही नहीं परमीश का कहना था कि बुढ्ढा और लक्की ने ही उस पर गोलियां बरसाई थीं। ऐसे मे पुलिस को संदेह है कि जो हथियार उन्होंने प्रयोग किए थे, उनकी सप्लाई गैंगस्टर गुगनी ने ही की होगी। क्योंकि पंजाब में हुई टारगेट किलिंग के आरोपियों को भी हथियार सप्लाई करने में गुगनी का नाम आया था। एनआईए ने आरोपी पर केस तक दर्ज किया है।
पुलिस को उम्मीद है कि गुगनी से पूछताछ में जल्दी ही उन्हें कई जानकारियां हाथ लगेंगी। बता दें कि 14 अप्रैल को देर रात साढ़े 12 बजे के करीब गायक परमीश वर्मा पर कुछ अज्ञात लोगों ने उस समय हमला कर दिया था जब वह मोहाली के सेक्टर 91 स्थित अपने घर कार में वापस आ रहे थे। इस हमले में परमीश वर्मा व उनका दोस्त कुलवंत सिंह चहल भी घायल हुआ था। पुलिस द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8बी मोहाली स्थित पुलिस चौकी में कुलवंत सिंह निवासी गांव डडहेड़ा जिला पटियाला के बयानों पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 148, 149 तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54, 59 के तहत केस दर्ज कर लिया गया था।