21 साल पुराने धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे पंजाब एंड सिंध बैंक के असिस्टेंट मैनेजर को चंडीगढ़ सीबीआई ने दबोच लिया।
पकड़े गए असिस्टेंट मैनेजर बरनाला निवासी सुदर्शन सिंह खुरमी को चंडीगढ़ सीबीआई ने पकड़कर कोलकता सीबीआई के हवाले कर दिया।
कोलकता सीबीआई ने खुरमी पर धोखाधड़ी और साजिश रचने का मामला दो जनवरी 1993 में दर्ज किया था। सीबीआई द्वारा दर्ज मामले के अनुसार खुरमी पंजाब एंड सिंध बैंक में कोलकता स्थित हावड़ा ब्रांच में तैनात थे।
उन्होंने 1988 से 1992 तक बैंक में 16 लाख 23 हजार रुपये का घपला किया था। खुरमी ने बैंक में बलबीर, युवराज समेत अन्य लोगों के नाम पर फर्जी अकांउट खोले थे।
उन्हीं अकाउंट में फर्जी तरीके से पैसे ट्रांसफर करता था और बाद में उन्हें निकाल लेता था। शिकायत मिलते ही सीबीआई ने जांच के बाद मामला दर्ज किया था। तभी से खुरमी फरार चल रहा था।