सिक्योरिटी ब्रांच चंडीगढ़ में तैनात एएसआई ने अपने घर पर बंदूक से गले में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मधुबन द्वितीय बटालियन के एएसआई राकेश कुमार ने मॉडल टाउन स्थित अपने घर पर सोमवार दोपहर गोली मार ली। राकेश की ड्यूटी चंडीगढ़ में सिक्योरिटी ब्रांच में लगी हुई थी और दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को राकेश को चंडीगढ़ पहुंचना था।
दोपहर के समय घर पर बंदूक से राकेश ने गले में गोली मार ली। राकेश को घायल अवस्था में पड़ोसी कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों से उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसआई की मौत से परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एएसआई की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस कागजी कार्रवाई में लगी हुई है। पुलिस फिलहाल घरेलू कलह के चलते मामले को देख रही है।
जानकारी के अनुसार मॉडल टाउन स्थित मकान नंबर 563 वासी एएसआई राकेश कुमार मधुबन स्थित द्वितीय बटालियन का जवान था। उसकी ड्यूटी चंडीगढ़ में सिक्योरिटी ब्रांच में लगी हुई थी। दो दिन की छुट्टी के बाद उसे ड्यूटी पर पहुंचना था, लेकिन उसने घर पर ही बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज पड़ोसियों को सुनाई दी और घर के अंदर गए। घर में राकेश लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। पड़ोसियों ने उसे अस्पताल तक पहुंचाया।