एटीएफ ने चिट्टा पीने का आदी कार सवार एएसआई बेअंत सिंह को सोमवार की रात तीस ग्राम नशे समेत पकड़ा है। उसका साथी एसटीएफ को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी 2 अबोहर में केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी एएसआई को अदालत में पेशकर दो दिन का रिमांड हासिल किया है।
एसटीएफ के डीएसपी गुरप्रीत सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि नशा तस्कर जलालाबाद के साथ लगते बार्डर एरिया से चिट्टा लेकर अबोहर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर एसटीएफ ने कैलाश नगर अबोहर के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान स्विफ्ट डिजाइर कार को रोका गया।
एसटीएफ टीम ने गाड़ी में बैठे पंजाब पुलिस के एएसआई बेअंत सिंह से तीस ग्राम चिट्टे बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि गाड़ी में सवार रजिंदर सिंह चकमा देकर फार हो गया। दोनों के खिलाफ थाना सिटी 2 अबोहर में नशा तस्करी के तहत केस दर्ज किया गया।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी एएसआई ने पूछताछ के दौरान बताया कि नशा तस्कर उसका इस्तेमाल सिर्फ पुलिस चेकिंग से बचने के लिए करते हैं। वह खुद चिट्टा पीने का आदी है। आरोपी ने बताया कि नशे के लिए तस्करों का साथ देता था। डीएसपी के अनुसार आरोपी इस से पहले दो चक्कर लगा चुका है।
अबोहर के थाना नंबर 2 के प्रभारी बलदेव सिंह ने बताया आरोपी एएसआई बेअंत सिंह मूलरूप से थाना बहाववाला के अंतर्गत गांव राजपुरा का निवासी है। वह मुक्तसर जिले में ड्यूटी करते हुए सराभा नगर मलोट में रह रहा है। पुलिस ने केस दर्जकर आरोपी एएसआई बेअंत सिंह को सिविल जज जूनियर डिवीजन जसप्रीत सिंह मिन्हास की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आगे की पूछताछ के लिए उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।