हादसे में क्षतिग्रस्त हरियाणा रोडवेज की बस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर सोमवार अलसुबह करीब तीन बजे हरियाणा रोडवेज की बस सड़क किनारे खड़े टिप्पर से टकरा गई। हादसे में दो बच्चों समेत करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों को डेराबस्सी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से छह को जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
हरियाणा रोडवेज की बस गुरुग्राम से सवारियां लेकर चंडीगढ़ आ रही थी। बस में चालक और परिचालक के अलावा करीब 35 लोग सवार थे। अलसुबह करीब तीन बजे बस चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर स्थित गांव भांखरपुर के पास पहुंची तो श्री गुरुद्वारा साहिब के सामने सड़क किनारे खड़े एक खराब टिप्पर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि परिचालक की तरफ बस के परखच्चे उड़ गए। करीब 20 सवारियों को चोटें आई हैं। इनमें से दो बच्चों सहित आठ सवारियों को डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में ले जाया गया। जबकि 12 सवारियों को मामूली चोट आई थी। एसएमओ डॉ. संगीता जैन ने बताया कि दो बच्चों समेत छह को चंडीगढ़ रेफर किया है। जबकि दो को प्राथमिक उपचार दिया है।
मुबारिकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सहायक इंस्पेक्टर नरपिंद्र सिंह ने बताया कि सुबह तीन बजे के करीब यह हादसा हुआ। खराब होने के कारण टिप्पर सड़क किनारे खड़ा था। उसने न तो रिफ्लेक्टर लगाए थे, न कोई अवरोधक। बस चालक की शिकायत पर उसके खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज किया गया है।