शहर से करीब 15 लाख रुपये के सेब ट्रक के जरिए तमिलनाडू भेजे गए थे, लेकिन उसे रास्ते में ही धोखे से बेचने के आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी ट्रक मालिक रशपाल और उसका बेटा ट्रक ड्राइवर प्रदीप के खिलाफ बापूधाम चौकी पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से रशपाल को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि प्रदीप को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले के अनुसार ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले गुरमीत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि बीती 27 सितंबर को उसने ग्रेन मार्केट से करीब 15 लाख रुपये के सेब रशपाल के ट्रक से तामिलनाडू के लिए भिजवाए थे।
इसके लिए उनमें एक लाख रुपये में बात तय हुई थी। इसके बाद रशपाल का बेटा प्रदीप यहां से ट्रक लेकर तामिलनाडू के लिए निकला। जब तय समय पर सेब तमिलनाडू नहीं पहुंचा तो गुरमीत ने रशपाल से इस बारे में पूछा।
आरोपियों पर सेब मध्य प्रदेश में बेचने का आरोप
पुलिस
- फोटो : प्रतीकात्मक चित्र
इस पर रशपाल ने बताया कि रास्ते में ट्रक खराब हो गया है। उसे ठीक कराने के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं। इस पर गुरमीत ने उसे 65 हजार रुपये दिए। पैसे देने के बावजूद भी सेब तय जगह पर नहीं पहुंचा। इस पर गुरमीत ने कई बार रशपाल से जानकारी ली, लेकिन वह टालमटोल करता रहा। इस पर गुरमीत ने पुलिस को शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुछ दिन पहले ट्रक मालिक रशपाल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस ने उसके बेटे प्रदीप को बीती रात राजस्थान के गंगानगर से गिरफ्तार किया।
सोमवार को उसे जिला अदालत में पेश कर अन्य आरोपियों और सामान की रिकवरी के लिए पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। वहीं रशपाल को न्यायिक हिरासत में बुडै़ल जेल भेज दिया।
पूछताछ में सामने आया कि रशपाल के बेटे ने ट्रक में लोड 15 लाख का सेब में मध्य प्रदेश में ही 3 लाख रुपये में बेच दिया। अब पुलिस प्रदीप को लेकर मध्य प्रदेश जाएगी और वहां पता करेगी कि प्रदीप ने सेब मध्य प्रदेश में किसे बेचा। साथ ही इसमें शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाएगी।