कर्ज के बोझ तले दबकर बरनाला के गांव संघेडा में एक और किसान ने आत्महत्या कर ली है। इंडस्ट्री एरिया पुलिस चौकी के इंचार्ज हरजिंदर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के अनुसार किसान जगराज सिंह पिछले कई दिनों से मानसिक तौर पर परेशान था। वह बिन बताए घर से चला गया था, जब वह घर वापस न लौटा तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। जब वह उसे खोजते हुए खेत पहुंचे तो देखा कि उसका शव खेत में पेड़ से लटक रहा था।
चौकी प्रभारी ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक किसान जगराज सिंह के सिर पर काफी कर्ज था, इस कारण उसने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि मृतक के लड़के हरविंदर सिंह के बयानों पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इससे पहले बरनाला के गांव जोधपुर, चुहान के खुर्द, ठीकरीवाल व ठुल्लीवाल सहित कई गांवों को मिलाकर जिले में 10 के करीब किसान आत्महत्या कर चुके हैं। लेकिन डीसी के रिकार्ड में अब तक सिर्फ एक किसान की आत्महत्या ही दर्ज है।
रिकार्ड में लाने की प्रक्रिया है लंबी : डीसी
इस संबंध में डीसी थोरी ने कहा कि जब आत्महत्या की तसदीक करने की कार्रवाई काफी लंबी है। सबसे पहले पुलिस में एफआईआर दर्ज करानी पड़ती है, फिर सरकारी अस्पताल की पोस्टमार्टम, फिर सीएमओ की रिपोर्ट, फिर एसएसपी की रिपोर्ट आती है तब जाकर किसान की आत्महत्या रिकार्ड पर आती है।