एडीसीपी अभिमन्यु राणा ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के जिला कैथल के गांव पबनावा निवासी सावन कुमार, सोहन लाल उर्फ सोनू, मुंडरी गांव निवासी नरिंदर सिंह, तितरम गांव निवासी जसविंदर गिल के रूप में बताई है। इसके अलावा पुलिस नवीन कुमार उर्फ बबू, कुरुक्षेत्र निवासी राकेश कुमार (किंगपिन), सोनीपत के मोहाना गांव के सर्वण, झारखंड के धनबाद जिला के गांव कतरास निवासी दलीप कुमार पासवान, तरनतारन के सराय अमानत खां निवासी अमृतपाल सिंह, गुड़गाव के सोहाना निवासी अमित राघव, अजनाला स्थित पुराना पटवार खाना के पास रहने वाला अमरीक सिंह, न्यू दिल्ली स्थित नजफगढ़ निवासी राहुल उजा को भी गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि गिरोह के नौ सदस्यों को काबू किया जाना बाकी है।
गिरफ्तार आरोपियों से की गई पूछताछ के दौरान सामने आया कि पुर्तगाल में बैठे हरभेज सिंह उर्फ जावेद उर्फ गुल्लू के इशारे पर अमृतपाल सिंह हेरोइन और ड्रग मनी का धंधा संभाल रहा है। जो हेरोइन बेचने से मिलने वाली ड्रग मनी को विदेश भेजता है। जावेद उर्फ गुल्लू की तरह कई अन्य तस्कर और आतंकी भी जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट तैयार करवाने वाले गिरोह के संपर्क में हैं। जो विदेश भागने की फिराक में हैं।
- सावन कुमार ने हरभेज सिंह उर्फ जावेद उर्फ गुल्लू को फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भेजा।
- सोहन लाल ने जावेद से लाखों वसूले और पासपोर्ट संबंधी गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मुलाकात करवाई।
- नरिंदर सिंह ने फर्जी आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज तैयार करवाए।
- जसविंदर सिंह ने फर्जी पासपोर्ट तैयार करवा नवीन कुमार को दिया।
- नवीन बाबा निवासी बुड्ढा कालोनी, झब्बाल रोड जावेद का नजदीकी है। इसने ही जावेद की इस गिरोह के साथ मुलाकात करवाई थी।
- कुरुक्षेत्र का राकेश कुमार इस गिरोह का किंगपिन है। उसके खिलाफ हरियाणा में फर्जी पासपोर्ट के केस दर्ज हैं।