पुलिस कर्मियों को शराब पिला अपहरण का आरोपी फरार
- फोटो : demo pic
थाने में पूरी रात शराब की महफिल जमी, और पुलिस कर्मियों को इतनी शराब पिलाई गई कि अपहरण का आरोपी आराम से थाने से फरार हो गया। अपने साथियों के साथ युवक को अगवा कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में थाना डुगरी की पुलिस की तरफ से गिरफ्तार युवक देर रात थाने से फरार हो गया। बताया जाता है कि युवक ने पहले थाने के पुलिस कर्मियों को शराब पिलाई।
हालांकि शराब पिलाने की बात को कोई भी अधिकारी मान नहीं रहा है। पुलिस थाने से फरार हुए आरोपी सुनील और उसके साथियों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस ने दमन की शिकायत पर बस स्टैंड के पास रहने वाले सुनील कुमार, अमित कुमार, विजय कुमार, मनप्रीत और अन्य के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकियां देने का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार बस स्टैंड के पास ऑटो चालक सुनील कुमार रहता है। रविवार शाम को उसकी डुगरी के एक युवक के साथ मारपीट हुई थी। इस दौरान सुनील और उसके साथियों ने युवक को घायल कर दिया। कुछ समय बीतने के बाद घायल युवक के साथी वहां पहुंचे और उन्होंने सुनील से उन्हें डुगरी ले जाने की बात की। दोनों का सौदा 80 रुपये में हो गया। डुगरी जिस जगह पर युवकों ने उतरना था, वहां दमन के साथी पहले से ही मौजूद थे। उन्होंने सुनील के साथ मारपीट की। सुनील किसी तरह से अपनी जान बचाकर वहां से भाग आया।
देर रात युवक को अगवा कर मारपीट करने का हुआ था मामला दर्ज
पुलिस कर्मियों को शराब पिला अपहरण का आरोपी फरार
- फोटो : Demo Pic
देर रात को सुनील फिर से अपने कुछ साथियों के साथ वहां गया। वहां पर उन्हें दो युवक मिल गए। एक युवक ने तो भाग कर अपनी जान बचा ली, जबकि दमन को आरोपी उठा कर अपने साथ ले गए और अगवा कर उसके साथ मारपीट की। दमन किसी तरह से थाना डुगरी पहुंच गया। पुलिस ने दमन की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ देर रात को मामला दर्ज कर लिया। थाना डुगरी की पुलिस सुनील को घर से उठा कर ले आई।
थाना डुगरी के एसएचओ सब इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने कहा कि किसी मुलाजिम ने सुनील के साथ कोई शराब नहीं पी। आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। देर रात को वह पुलिस मुलाजिमों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने सुनील और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। क्रास मामला दर्ज किया गया है। सुनील और उसके साथियों की शिकायत पर दमन के साथियों पर भी मामला दर्ज किया गया है।