जालसाजी के आरोप में अकाली नेता गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
जालसाजी के आरोपों के तहत गिरफ्तार अकाली दल के पूर्व मार्केट कमेटी चेयरमैन का मामला पूरी तरह से राजनीति के रंग में रंग गया है। एक तरफ जहां चेयरमैन सहित विभिन्न संगठनों के लोगों का आरोप है कि उन पर हलका विधायक ने राजनीतिक रंजिश के तहत मामला दर्ज कराया है। वहीं दूसरी तरफ शिकायतकर्ता का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के तहत ही चेयरमैन की पत्नी को एफआईआर में शामिल नहीं किया गया है।
थाना सिटी पुलिस ने झूलना महल गुरदासपुर निवासी अरुण कुमार की शिकायत पर अकाली दल से संबंधित मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन योगेश भंडारी निवासी ओंकार नगर, जगदीश राज, पवन कुमार, शक्ति कुमार व करतार सिंह पके खिलाफ धारा 420 व 120बी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने योगेश भंडारी को शनिवार की सुबह सवा छह बजे सैर करते समय गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने करीब 11 बजे भंडारी को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।
पुलिस जब आरोपी भंडारी को अदालत में पेश करने के बाद जेल ले जा रही थी उसके समर्थन में पहुंचे विभिन्न संगठनों ने पुलिस प्रशासन व हलका विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान भंडारी ने अपने ऊपर दर्ज हुए मामले को पूरी तरह से राजनीतिक से प्रेरित बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ मामला हलका विधायक ने दर्ज करवाया है।
जानिए क्या कहते है एसएचओ?
जालसाजी के आरोप में अकाली नेता गिरफ्तार
क्या कहते है एसएचओ
थाना सिटी के एसएचओ राजबीर सिंह ने बताया कि अरुण कुमार ने योगेश भंडारी व उसके साथियों के खिलाफ बीती 26 अप्रैल को शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह कमशियर जमीनों को एग्रीकल्चर बताकर खरीद और बेचकर सरकार को करोड़ों रूपये का चूना लगा रहा है। इस पर डीएसपी सिटी परमिंदर सिंह व एसपी हेडक्वार्टर जतिंदर सिंह मंड ने मामले की जांच की। सरकारी वकील से सलाह लेकर ही मामला दर्ज किया गया है।
हालांकि वह इस बात का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सके कि पांच आरोपियों में से केवल एक के घर पर ही रेड क्यों की गई। उधर, शिकायतकर्ता अरुण कुमार का कहना है कि उन्होंने योगेश भंडारी की पत्नी के खिलाफ भी शिकायत की थी। पुलिस ने राजनीतिक दबाव के तहत उन्हें एफआईआर में शामिल नहीं किया। इसके अलावा गलत तरीके से रजिस्ट्रियां व बयाने करने में सहयोग करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी छोड़ दिया गया है।
लोगों ने किया शहर में रोष मार्च
मामले को लेकर विभिन्न संगठनों ने भंडारी के हक में रोष मार्च निकाला गया। रोष मार्च शहर के हनुमान चौक से शुरू होकर बाजारों से होकर निकला। प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को सुबह नौ से 11 बजे तक शहर बंद रखने की अपील की। इस मौके पर रमन बहल, गुरमीत सिंह पाहड़ा, रणजीत सिंह काहलों, बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा, बलजीत सिंह पाहड़ा, अजय बहल, मक्खन कोहाड़, अमरजीत सिंह सैनी, गगन करलूपीया, हरदीप सिंह बेदी, मास्टर ध्यान सिंह, हरदियाल सिंह गजनीपुर मौजूद थे।