पुलिस मुलाजिम दोस्त की शादी समारोह में डांस करने के दौरान हुए विवाद में गुस्से में एक युवक ने तेज रफ्तार कार से दो दोस्तों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फुट उछलकर दूर जा गिरे उनकी मोटरसाइकिल सौ मीटर तक दूर जाकर गिरी। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
घटना पंजाब के लुधियाना में हलवारा की है। टक्कर मारने के बाद आरोपी की कार भी बुरी तरह से बेकाबू हो गई और वह खेतों में जाकर गिरा। इससे आरोपी भी बुरी तरह से घायल हो गया। थाना रायकोट की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
मृतक युवकों की पहचान मुल्लांपुर के गांव मड़ियानी निवासी भवन दीप सिंह (23) और कृष्ण कुमार (23) के रुप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने नई आबादी अकालगढ़ के रहने वाले कमलप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी भी डीएमसी अस्पताल में दाखिल है।
आरोपी भी घायल, अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए अस्पताल में पुलिस तैनात करवा दी है। सब इंस्पेक्टर बलवंत सिंह ने कहा कि पंजाब पुलिस में तैनात यादविंदर सिंह की शादी रायकोट के कत्याल पैलेस में हो रही थी। भवनदीप और कृष्ण कुमार शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए आए हुए थे।
आरोपी कमलप्रीत भी शादी समारोह में मौजूद था। इसी दौरान जब भवनदीप और कृष्ण डांस कर रहे थे तो उनकी कमलप्रीत के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई। इस दौरान लोगों के बीच बचाव के चलते मामला शांत हो गया, लेकिन कमलप्रीत सिंह ने रंजिश रखी हुई थी। भवनदीप सिंह और कृष्ण कुमार शादी समारोह के बाद अपनी मोटरसाइकिल पर सवार हो घर वापस जा रहे थे कि रास्ते में आरोपी कमलप्रीत ने अपनी तेज रफ्तार कार से दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि भवनदीप और कृष्ण दोनों करीब 15 से 20 फुट की ऊंचाई पर हवा में उड़ते गए। तीनों को इलाज के लिए डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। भवनदीप और कृष्ण कुमार ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि कमलप्रीत अभी अस्पताल में उपचाराधीन है। सब इंस्पेक्टर बलवंत सिंह ने कहा कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया है। आरोपी अभी अस्पताल में उपचाराधीन है।