रामदरबार में 7-8 युवकों ने बहस के बाद दो युवकों पर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। हमलावरों ने पीड़ित से 32 हजार रुपये भी लूट लिए। सेक्टर-31 थाने में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मोहाली बलौंगी निवासी प्रकाश दीप ने रामदरबार के बंटी व उसके 6-7 साथियों पर उसको व उसके दोस्त पर हमला कर लूट करने का आरोप लगाया है। प्रकाश दीप रामदरबार में गाड़ी चलाता है। वीरवार रात वो और उसके दो दोस्त बारिश से बचने के लिए एक टेंट में चले गए। वहां पर बंटी पहले से खड़ा हुआ था। दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर बहस हो गई।
उसके बाद बंटी अपने अन्य साथियों के साथ लोहे की रॉड व डंडो के साथ वहां पहुंचा और प्रकाश दीप व उसके दोस्त अमनदीप को हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित ने बंटी पर आरोप लगाया कि मारपीट करने के बाद वह उसकी जेब से 32 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गया। पीड़ित ने किसी तरह 100 नंबर पर फोन कर मारपीट की सूचना दी । मौके पर पहुंची पीसीआर घायलों को जीएमसीएच-32 लेकर गई। पुलिस ने पीड़ितों के बयाने के आधार पर बंटी व उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।