घटनास्थल पर प्रशिक्षु सीओ एएन राय
- फोटो : अमर उजाला
किशनपुर थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता छात्र का शव शनिवार को अरहर के खेत में पड़ा मिला। पूरे शरीर में नाभि से पेट तक अंदर के अंग गायब थे। इससे आशंका है कि किडनी निकालने के लिए छात्र की हत्या की गई है। पुलिस भी इस तथ्य से इनकार नहीं कर रही। परिजनों के शक के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक महिला भी है।
थाना क्षेत्र के नरौली निवासी जमराज निषाद का बेटा नितीश (13) उर्फ कल्लू गांव के प्राइमरी स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। वह 25 जनवरी की शाम खेत में गया था। शाम तक नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। कहीं पता नहीं चलने पर 27 को गुमशुदगी लिखाई। शनिवार सुबह खेत में गए ग्रामीण ने कल्लू का शव देख परिजनों को सूचना दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कल्लू का शव पूरी तरह से क्षत विक्षत था। रीढ़ की हड्डी ही पूरे शरीर को जोड़े थी। पसली के नीचे से नाभि तक का आगे-पीछे का हिस्सा गायब था। जबकि शरीर के ऊपर और नीचे का हिस्सा पूरी तरह ठीक था।
चमड़ियां काली पड़ चुकी थीं और उधड़ने लगी थीं। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही रहने वाले सगे भाइयों दीपू यादव, बबलू यादव के अलावा ललुवा उर्फ लल्लू निषाद और उसकी पत्नी भानमती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक के पिता का कहना है कि उसकी इन लोगों से रंजिश नहीं है पर जिस तरह से उसके बेटे का शव मिला है, उससे लगता है कि किडनी बेचने के लिए उसके पुत्र को मार डाला गया। पुलिस ने दोनों भाइयों व महिला को हिरासत में लिया है। एक फरार है। जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि पेट फाड़ने का तरीका किसी एक्सपर्ट का मालूम पड़ रहा है। मांस में लालिमा होने से यह भी कयास लगाया जा रहा है कि पेट फाड़ने का काम एक दिन पहले ही हुआ होगा। एसपी बलिकरन सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एक आरोपी दीपू भागा हुआ है। उसके मिलने के बाद हत्या की सही वजह सामने आ सकती है। व्यक्तिगत रंजिश, आशनाई और किडनी निकालने के बिंदुओं पर हो रही है।