नकोदर पुलिस ने एक कैबिनेट मंत्री के करीबी वकील इंदरजोत सिंह को 265 ग्राम नशीले पाउडर समेत गिरफ्तार किया है। वकील ने कार पर शिरोमणि अकाली दल बादल की प्लेट लगा रखी थी। वकील के पिता नकोदर सर्किल के शिअद प्रधान रह चुके हैं।
पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गुरु तेगबहादुर नगर का रहने वाला एडवोकेट इंदरजोत सिंह नशे की तस्करी करता है। पुलिस ने पुख्ता सबूत इकट्ठा किए और एडवोकेट इंदरजोत सिंह की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया।
इंदरजोत वीरवार को अपनी कार में गांव टूट कलां के पास पहुंचा तो पुलिस ने उसको घेर लिया। उसकी कार की तलाशी ली गई तो 265 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ। एसएचओ दिलबाग सिंह ने इसकी जानकारी आला पुलिस अधिकारियों को दी।
इसके बाद एडवोकेट इंदरजोत सिंह को गिरफ्तार कर उनकी कार को कब्जे में ले लिया गया। एडवोकेट इंदरजोत सिंह जालंधर बार एसोसिएशन के सदस्य हैं और उसके पिता सुरिंदरपाल सिंह मौजी काफी समय तक शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रधान रह चुके हैं। कुछ समय पहले ही उनका देहांत हो गया था।
जानकारी के मुताबिक एडवोकेट इंदरजोत सिंह का परिवार एक पावरफुल कैबिनेट मंत्री का काफी नजदीकी रहा है और मंत्री की झंडी वाली कार अकसर उनकी कोठी के बाहर खड़ी दिखाई देती थी।
शिरोमणि अकाली दल की मीटिंग भी कई बार इंदरजोत की कोठी में रखी जाती थी। एसएचओ दिलबाग सिंह का कहना है कि पुलिस ने आरोपी इंदरजोत सिंह के खिलाफ तस्करी का केस दर्ज कर लिया है।