पंचकूला में टेंपों और कार की टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
भलाई का जमाना ही नहीं रहा। कार में फंसे युवकों को बचाया तो वे उल्टा बचाने वाले लोगों पर ही भड़क गए और उनके साथ मारपीट की। घटना पंचकूला की है। देर रात तेज रफ्तार कार पहले टेंपों से टकराई, उसके बाद डिवाइडर से टकराकर 4 फीट तक उछली और सात बार पलटियां खाते हुए बीच सड़क जा गिरी। हादसे में टेंपों भी पलट गया।
हादसा देर रात पंचकूला लाइट प्वाइंट पर हुआ। टेंपों चंडीगढ़ से जा रहा था, वहीं कार कालका की ओर से आ रही थी। हादसे में टेंपो के सह ड्राइवर भगत सिंह को काफी चोटें लगीं। वहीं, युवक कार में बुरी तरह फंस गए। अचानक कार से धुंआ उठने लगा। लोगों ने उन्हें शीशे तोड़कर बाहर निकाला, लेकिन बाहर आने के बाद युवक लोगों पर ही भड़क गए।
उन्होंने लोगों से मारपीट भी की। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामला सुलझाया। पुलिस ने घायल युवकों और टेंपों के सह ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी, जिस कारण संतुलन बिगड़ा और हादसा हो गया।