बाइक पर घर लौट रहे युवक की महिंद्रा पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसा सारंगपुर लाइट प्वाइंट के पास रविवार देर रात को हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमएसएच-16 में रखवा दिया है।
मुल्लांपुर निवासी विक्रम (25) रविवार देर रात को काम खत्म कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह सारंगपुर लाइट प्वाइंट के पास पहुंचा तो गलत दिशा से आ रही एक महिंद्रा पिकअप ने विक्रम को टक्कर मार दी। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर मौके पर पहुंच गई और गंभीर रूप से घायल विक्रम को पीजीआई पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विक्रम को मृत बताया।
पुलिस ने बताया कि विक्रम मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और वह यहां पर दिहाड़ी पर काम करता था। पुलिस का कहना है कि वहां सड़क पर लगे सीसीटीवी की फुटेज निकलवाकर आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।