एक घर में रह रही दो महिलाओं के बीच रविवार को प्लेट मांगने पर हुए झगड़े के दौरान एक महिला ने दूसरी महिला को पीट-पीट कर मार डाला। मृतक महिला का नाम कुलविंदर कौर (50) है। बटाला रोड पर स्थित मुस्तफाबाद इलाके में दोनों किराये पर रह रहीं थीं। वहीं कुलविंदर डांसर राज नामक महिला से इसलिए भी नाराज रहती थी कि उससे मिलने घर में कई पुरुष आते थे। पुलिस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जबकि आरोपी महिला पति के साथ फरार है।
मृतका के पति सतविंदर सिंह ने मीडिया को बताया कि वह रिक्शा चलाकर परिवार का पोषण करता है। रविवार को सुबह दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ। अक्सर दोनों के बीच बच्चों को लेकर भी झगड़ा होता था। एक ही घर में रहते थे, इसलिए कभी हमारे बर्तन उनके पास होते तो कभी उनके बर्तन हमारी रसोई में उपयोग होते।
रविवार को सुबह जब कुलविंदर ने अपनी प्लेट मांगी तो उसने देने से इंकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। वह रिक्शा लेकर घर से चला गया कि दोनों की लड़ाई है, अपने-आप खत्म हो जाएगी। डांसर कुलविंदर को घसीट कर अपने कमरे में ले गई। जहां उसे बहुत मारा गया। उसके शरीर पर चोट के कई निशान थे।
शाम को जब वह घर आया तो उसे बेटी ने बताया कि मां को डांसर आंटी ने बहुत पीटा है। वह पत्नी को रिक्शे में बैठाकर बटाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए लेकिन कोरोना वायरस के कारण डॉक्टरों ने उसे दाखिल नहीं किया। रात को वह पत्नी को घर ले आए, वह पूरी रात बेसुध पड़ी रही। सोमवार को सुबह जब वह कुलविंदर को श्री गुरु नानक देव जी अस्पताल में दाखिल करवाने जा रहे थे तो रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की बहन पूजा ने बताया कि दोनों के बीच प्लेट के लिए झगड़ा हुआ। डांसर उसकी बहन को खींचकर अपने कमरे में ले गई। जहां उसे बुरी तरह पीटा। डांसर ने उसकी बहन के सिर पर कुछ मारा है, जिस कारण उसके सिर पर चोट के कई निशान हैं। जांच अधिकारी थानेदार प्रीतम सिंह ने कहा कि दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े का कारण घरेलू सामान है। मामले की जांच जारी है। कुलविंदर कौर का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला व उसका पति फरार है। जांच अधिकारी के अनुसार उसका पति एक फोटोग्राफर है।