फर्जी नंबर के साथ पकड़ी गई गाड़ी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
स्कॉर्पियो गाड़ी पर वीआईपी नंबर लगाने के शौक ने एक युवक को जेल पहुंचा दिया। थाना मौड पुलिस ने शनिवार देर शाम को निरपाल सिंह नामक पुलिसकर्मी को फर्जी वीआईपी नंबर वाली स्कॉर्पियो गाड़ी समेत काबू करके उसके खिलाफ केस दर्जकर अगली जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले समय से एक युवक स्कॉर्पियो गाड़ी पर 0100 वीआईपी नंबर लगाकर जिले में घूम रहा था। जब इस बारे में वीआईपी नंबर के असल मालिक को पता चला तो उसने उक्त युवक की तलाश शुरू कर दी। शनिवार को उक्त वीआईपी नंबर को फर्जी तरीके से स्कॉर्पियो गाड़ी पर लगाकर घूम रहे पुलिस कर्मी की गाड़ी की फोटो वीआईपी नंबर के असल मालिक तक पहुंच गई।
उक्त वीआईपी नंबर के असल मालिक द्वारा जब पुलिस को सूचित किया गया तो पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर थाना मौड एरिया से फर्जी तरीके से स्कॉर्पियो गाड़ी पर वीआईपी नंबर लगाकर घूम रहे पुलिस कर्मी निरपाल सिंह को गाड़ी समेत काबू कर लिया।
सूत्रों ने बताया कि जब युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया तो उसने तुरंत अपनी गाड़ी से वीआईपी नंबर प्लेट उतार दी थी लेकिन थाना मौड पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी और उक्त पकड़े गए पुलिस कर्मी के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी।
सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए पुलिसकर्मी ने पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में बताया कि वो मानसा जेल में हेड वार्डन के तौर पर डयूटी करता है। उसने सिर्फ इस लिए अपनी गाड़ी पर फर्जी तरीके से वीआईपी नंबर लगाया था कि वो देखना चाहता था कि उसकी गाड़ी पर उक्त वीआईपी नंबर सुंदर लगेगा या नहीं। सूत्रों ने बताया कि थाना मौड की पुलिस जांच कर रही है कि वो पकड़ा गया आरोपी असल में मानसा जेल में तैनात है या नहीं।