बच्ची के परिजनों से मामले की जानकारी जुटाती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के लुधियाना में सिविल अस्पताल में शनिवार शाम उस समय हंगामा मच गया, जब अस्पताल की पहली मंजिल से एक महिला बच्ची को चोरी कर ले गई। चंद घंटों बाद ही उक्त महिला बच्ची को वापस करने पहुंच गई। जिसे तुरंत पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है।
पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। जिसकी पहचान महानगर के सुनेत निवासी जसप्रीत कौर के तौर पर हुई है। आरोपी महिला मानसिक तौर पर परेशान बताई जा रही है, जिसकी दवा सिविल अस्पताल से चल रही है। जानकारी के अनुसार 15 दिन पहले प्रेम नगर निवासी नरिंदर कुमार की पत्नी रानी ने सिविल अस्पताल में ऑपरेशन के बाद एक बच्ची को जन्म दिया था।
कुछ दिन पहले रानी के ऑपरेशन के टांकों में कुछ दिक्कत आ गई और उसे दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार शाम को वह बाथरूम गई और उससे पहले उसने अपनी बच्ची को अपनी मां को सौंप दिया। उसी समय वहां पर एक महिला आई उसने रानी की मां से बच्ची लेकर बेटी को बाथरूम में जाकर देखने की बात कही। इसी दौरान वह बच्ची लेकर फरार हो गई।
आरोपी महिला जसप्रीत कौर बच्ची को लेकर अपने घर सुनेत पहुंच गई। वहां पर उसके पति ने बच्ची के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह अस्पाल से लेकर आई है। उसने तुरंत बच्ची को वापस करने को कहा। जसप्रीत कौर बच्ची को लौटने सिविल अस्पताल पहुंच गई। यहां पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का पांच साल का बेटा भी है। वह उसे लेकर ही अस्पताल में दवा लेने आई थी।