मृतक के भाई राकेश धारा ने बताया कि वह रविवार की रात राजपुरा से जीरकपुर के लिए निकला था। जीरकपुर में रात करीब 12.30 बजे हादसा हुआ। इसके बाद किसी राहगीर ने व्हाट्सएप ग्रुप में क्षतिग्रस्त गाड़ी और खून से लथपथ दीपक की तस्वीर डाल दी। वह विभिन्न ग्रुप में से होते हुए चाचा के बेटे के पास पहुंची तो उसने फोन करके घर वालों को हादसे के बारे में बताया। इसके बाद सभी चंडीगढ़ सेक्टर 32 के जीएमसीएच पहुंचे, जहां उसके मौत की सूचना मिली।
धुंध और तेज रफ्तार ड्राइविंग ने ली एक और जान
रविवार अलसुबह जीरकपुर फ्लाईओवर पर धुंध और तेज रफ्तार के चलते सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी। उसी रात करीब 12.30 बजे तेज रफ्तार और धुंध के चलते एक और कार चालक को अपनी जान गंवानी पड़ी।
अपील : धुंध में तेज रफ्तार वाहन न चलाएं
अमर उजाला की लोगों से अपील है कि जल्दबाजी के चक्कर में तेज रफ्तार में गाड़ी न चलाएं। धुंध के दौरान वैसे ही हादसे का खतरा होता है। वहीं तेज रफ्तार इस खतरे को और बढ़ा देती है।