यूपी से यमुनानगर में नशीले पदार्थ की तस्करी करता एक युवक शनिवार को सीआईए टू के हत्थे चढ़ा। उसके पास से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत लगभग दस लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस इसे यहां की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी बता रही है। आरोपी की पहचान यूपी के सहारनपुर जिले के थाना गंगोह के गांव बाड़ी माजरा निवासी रिजवान (19) के रूप में हुई है। पुलिस रविवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर श्रीभगवान यादव ने बताया कि शनिवार शाम को पुलिस टीम ने हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर यमुना नदी पुल पर नाकाबंदी की। इसी दौरान कंधे पर बैग लटकाए एक युवक यूपी की ओर से आता दिखाई दिया। युवक को रोककर पेंट की जेब तलाशी गई तो उसमें से पॉलिथीन बैग में हेरोइन बरामद की गई। उसका वजन 100 ग्राम था। पुलिस के अनुसार, उसकी अनुमानित कीमत बाजार में करीब दस लाख रुपये हैं।
सात माह से यमुनानगर में कर रहा तस्करी
इंस्पेक्टर श्रीभगवान का कहना है कि युवक ने बताया कि वह करीब सात माह से नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहा है। यूपी से विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थ सस्ते दाम पर लाकर यमुनानगर में महंगे दाम पर बेचता था। आरोपी कितने में हेरोइन खरीदता था और कितने में व किस एरिया में बेचता था, इसका खुलासा आरोपी का रिमांड लेकर पूछताछ के दौरान किया जाएगा।
यमुनानगर से होकर अन्य राज्यों में जाते हैं तस्कर
सांकेतिक तस्वीर
यूपी, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड की सीमाएं लगने से यमुनानगर में नशे का कारोबार खूब फल फूल रहा है। यमुनानगर से होते हुए ही नशा तस्कर पंजाब, यूपी, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली व राजस्थान सहित अन्य राज्यों में जाते हैं। यूपी के नशीले पदार्थ पंजाब में जाते हैं और पंजाब व हिमाचल प्रदेश के यूपी में। इनके अलावा अन्य राज्यों से भी नशीले पदार्थों की तस्करी यमुनानगर से होकर होती है। लगभग एक साल पहले पुलिस ने महाराष्ट्र से हिमाचल प्रदेश में भारी मात्रा में चूरापोस्त के साथ कई आरोपी पकड़े थे। यमुनानगर में हेरोइन पहली बार इतनी अधिक मात्रा में पकड़ी गई है।
-
यमुना नदी पुल से सौ ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर यमुनानगर में मामला दर्ज करवाया गया है। रविवार को कोर्ट में पेश कर उसे रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड में उसके सरगना, खरीदार, खरीद व सप्लाई एरिया की जानकारी के बारे में पूछताछ की जाएगी। - इंस्पेक्टर श्रीभगवान, इंचार्ज, सीआईए टू यमुनानगर।