यह परिवार सुबह साढ़े 5 बजे घर से निकला था। कार को संजय चला रहा था। बताया गया है कि जैसे ही वह बीकानेर के नोखा उपमंडल के गांव जसरासर के पास पहुंचे तो अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और कार पलटते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में बुग्गी देवी, कृष्णा और आरजू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि संजय, उसका बेटा युग व उसकी पत्नी रजनी घायल हो गए।
सूचना पाकर राजस्थान पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को बीकानेर में भर्ती करवाया। अस्पताल में उपचार के दौरान रजनी ने भी दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना जैसे ही गांव धांगड़ में पहुंची तो पूरे गांव में मातम पसर गया। लोग गमगीन परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाते रहे।
ज्ञात रहे कि मांझू परिवार पूर्व सीएम स्व. भजनलाल के नजदीकी परिवार से है। मृतक बुग्गी देवी फतेहाबाद ब्लाक समिति की प्रधान रह चुकी हैं।
आरजू की हाल ही में हुई थी मंगनी
मृतक बुग्गी देवी की पोती आरजू की हाल ही में हिसार के एक गांव के युवक के साथ मंगनी हुई थी। परिजन आरजू की शादी दिवाली के आसपास करना चाहते थे लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था और इस हादसे में आरजू ने दम तोड़ दिया।