पंजाब के लुधियाना में हत्यारों ने महिला की हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर छप्पड़ (तालाब) में फेंक दिया। घटना का पता उस समय चला जब कोहाड़ा माछीवाड़ा रोड पर मंगलवार की शाम को सब्जी विक्रेता सब्जी बेचने गया तो बोरे से काफी बदबू आ रही थी। उसने तुरंत इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना जमालपुर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। थाना जमालपुर के एसएचओ बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने कोहाड़ा के माछीवाड़ा रोड स्थित गली नंबर पांच निवासी हरदीप सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया। अपने बयान में हरदीप सिंह ने बताया कि वह छोटा हाथी टेंपो पर गांव-गांव घूमकर सब्जी बेचने का काम करता है।
मंगलवार को वह माछीवाड़ा रोड पर अपना टेंपो रोककर श्मशान घाट से सटी दीवार के पास लघुशंका करने को रुका तो उसी समय उसने देखा कि गांव कोहाड़ा के छप्पड़ में नीले व पीले रंग के एक प्लास्टिक के बोरे से बदबू आ रही। जाकर देखा तो उसमें एक अज्ञात महिला का शव था। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी।
इंस्पेक्टर बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि जब जांच की गई तो शव की हालत काफी खराब थी। इसके बाद इसकी शिकायत पुलिस के पास की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्यारों तक पहुंचने के लिए महिला की पहचान जरूरी है। पहचान करने के बाद जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।