दो लोगों ने वीरवार रात पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित होटल इंडियन पैलेस के मालिक पर हमला कर दिया। जैसे ही होटल मालिक होटल से निकले चार युवक बाइक और स्कूटर पर आए और उनकी गाड़ी पर पेट्रोल और मिर्च पाउडर फेंककर फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार वीरवार को रात करीब आठ बजे होटल इंडियन पैलेस के मालिक बलवीर चौधरी अपने होटल से निकले। जैसे ही वह सेक्टर 21 के पास एक सुनसान जगह पर पहुंचे, बाइक और स्कूटर पर चार युवक आए। चारों ने होटल मालिक को रुकने का इशारा किया। जैसे ही बलवीर ने गाड़ी रोककर शीशा नीचे किया, तो एक युवक ने उनकी आंखों में मिर्च का पाउडर डाल दिया।
मिर्च गिरते ही उनकी आंखें बंद हो गई और एक अन्य ने एक बोतल से पेट्रोल निकाला और बलवीर चौधरी के ऊपर फेंक दिया। बलवीर चौधरी अपनी गाड़ी में रिवाल्वर रखते हैं। जैसे ही वह नीचे झुककर बचने के लिए रिवाल्वर निकालने लगे कि चारों युवक मौके से फरार हो गए। बलवीर ने होटल के मैनेजर करण ठाकुर, अमन बोपाराय एवं स्टाफ को इस बारे में सूचित किया। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर 5 से पुलिस मौके पर पहुंची। बलवीर चौधरी ने बताया कि वह पिछले 22 साल से होटल चला रहे हैं और रोजाना यहां से आते-जाते हैं, लेकिन उनके साथ ऐसा नहीं हुआ। यह पहला मौका है, जब किसी ने उन पर हमला किया है। बलवीर ने मामले में एक विधायक एवं एक स्थानीय नेता पर इस संबंध में आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि एक मीटिंग के दौरान उनकी विधायक से बहस हुई थी और उसी का नतीजा उन्हें भुगतना पड़ा है। आरोपियों पर विधायक की पूरी शह है। उन्होंने कहा कि पीसीआर भी कुछ गज की दूरी पर खड़ी थी, लेकिन आरोपी आराम से फरार हो गए। घटना के बाद बलवीर चौधरी एवं उनका स्टाफ बहुत ही सहमा हुआ है। सेक्टर 5 थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा है कि बलवीर चौधरी का मेडिकल कराया जाएगा।