फतेहाबाद के गांव चंदड़ में मानव तस्करी का मामला सामने आया है। इंदाछोई के एक व्यक्ति ने 5 साल का बच्चा बिहार से खरीदकर गोद देने के नाम पर गांव चंदड़ के एक व्यक्ति को 15 हजार रुपये में बेच दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बच्चे को कस्टडी में ले लिया। जब आरोपी से गोदनामा मांगा गया तो उसने देने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने मामले में शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है, पुलिस ने बच्चा बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस को दी शिकायत में चंदड़ निवासी सुंदर ने बताया कि उसके साले अमरजीत की पांच लड़कियां हैं, कोई लकड़ा नहीं था। वह बेटा गोद लेने की इच्छा जताई थी। इसके बाद गांव इंदाछोई के धर्मपाल से उन्होंने बच्चा गोद लिया था।
धर्मपाल ने उनसे इसके लिए 15 हजार रुपये भी लिए थे और गोदनामा बाद में देने की बात कही। बाद में पता चला कि वह इस बच्चे को बिहार से खरीदकर लाया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
टोहाना थाना सदर प्रभारी ने बताया कि सुंदर की शिकायत पर इंदाछोई निवासी धर्मपाल के खिलाफ मानव तस्करी, बहलाने-फुसलाने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में केस दर्ज किया है। आरोपी धर्मपाल फरार है और बच्चे को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया है।