इंश्योरेंस पॉलिसी पर बोनस देने के नाम पर चल रहे एक अंतरराज्यीय गैंग का यूटी पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने भंडाफोड़ किया है। यह गैंग चंडीगढ़ निवासी एक बुजुर्ग दंपति से अब तक 70 से 80 लाख रुपये तक की ठगी कर चुका है।
पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी मनीमाजरा के निवासी हैं। वे फर्जी आईडी के आधार सिम लेकर लोगों को कॉल करके फंसाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका मुख्य दफ्तर नोएडा में है, जबकि लोकल ऑफिस सेक्टर-8 में बनाया था।
सिटी निवासी एक बुजुर्ग दंपति को फरवरी 2014 में एक इंश्योरेंस कंपनी की कॉल आई और कॉल करने वाले ने खुद को एलआईसी का एजेंट बताया। उसने दंपति को बताया कि कंपनी सीनियर सिटीजन को उनकी पॉलिसी पर बोनस दे रही है। बोनस के लिए उन्हें कंपनी के खाते में कुछ चेक और ड्राफ्ट जमा कराने को कहा।
दंपति ने बताए गए खाते में चेक और ड्राफ्ट जमा करा दिए। आरोपियों ने उनसे इन चेक के जरिए दो-तीन बार में 70-80 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद दंपति ने जब भी फोन कर पूरे पैसे की डिमांड की, वे आश्वासन देते रहे। इससे परेशान होकर पीड़ित ने सेक्टर-19 में पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के बाद पुलिस ने पांच आरोपी राजेश कुमार, प्रदीप राणा, विशाल, संदीप और तमन्ना सभी निवासी मनीमाजरा को गिरफ्तार कर लिया।