श्री दुर्ग्याणा तीर्थ के पावन सरोवर में कूदकर एक व्यक्ति ने खुदकुशी कर ली। मंदिर कमेटी को जब इस बारे में पता चला तो तुरंत गोताखोर बुलाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान सुनील मेहरा (45), निवास मजीठा रोड स्थित जगदंबा कालोनी के रूप में हुई है।
डी डिवीजन थाने के प्रभारी हरिंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। सुनील मेहरा के भाई संजय मेहरा ने बताया कि वह अपने भाई सुनील मेहरा के साथ कपड़ों पर कढ़ाई का काम करते हैं।
कुछ महीनों से सुनील काफी परेशान था। वह मानसिक रूप से बीमार था। उसका इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह सुनील ने घर पर नाश्ता किया और फिर किसी जरूरी काम से घर से बाहर निकल गया था। दोपहर में पुलिस ने उन्हें जानकारी दी कि सुनील की हालत खराब है। वह जल्द श्री दुर्ग्याणा मंदिर पहुंचे। जब वह मंदिर के सरोवर के पास पहुंचे तो वहां उनके भाई की लाश पड़ी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सरोवर में गिरने से सुनील की मौत हो गई है।