हादसाग्रस्त गाड़ियों को हटाते पुलिसकर्मी
हादसे में कार, कैंटर व ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गए। एक कार सवार पिता-पुत्र व मां-बेटे को काफी चोट लगी। घायलों की पहचान दिल्ली के समयपुर बादली निवासी मोनू व उसके पिता विजयपाल और बीरमति व उसके बेटे वरुण के रूप में हुई है। उन्हें सोनीपत के सामान्य अस्पताल में लाया गया। जहां से परिजन उन्हें उपचार कराने के बाद अपने साथ ले गए। इनके अलावा भी लगभग आठ लोग इस हादसे में चोटिल हुए, लेकिन वह बिना उपचार कराए ही चले गए।
हादसे की सूचना मिलते ही कुंडली थाना प्रभारी बीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं यूपी के बागपत थाना प्रभारी भी टीम के साथ यमुना पुल पर पहुंचे। दोनों जिलों की पुलिस ने स्थानीय लोगों व वाहन सवारों की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों से सवारियों को निकाला। पुलिस ने पहले खुद वाहनों को धकेलकर मार्ग से हटाया। उसके बाद ज्यादा वाहन होने पर क्रेन मंगवाकर उनको हटाया गया। केजीपी पर हुए हादसे के बाद करीब पांच किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया था।
यमुना पुल के पास सुबह कोहरे के चलते काफी संख्या में वाहन आपस में टकरा गए थे। तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता दी गई। बागपत पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही वाहनों को सड़क से हटाया गया। क्रेन मंगवाकर वाहनों को हाईवे से हटाने के बाद जाम की स्थिति को दूर करने की कोशिश की। बाद में टोल को फ्री कराके वाहन निकलवाए गए, इसके बाद जाम से निजात मिल सकी। -बीर सिंह, थाना प्रभारी, कुंडली।