पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवक चार साल के बच्चे को उठा कर ले गए। युवक हथियारबंद थे और उन्होंने घर में घुसकर फायरिंग करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात लुधियाना के गांव मेहलों में मंगलवार देर रात हुई।
बच्चे की पहचान राजवली के रुप में हुई है। बच्चे के घर वालों ने अपहरण की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन की। पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत पर आरोपी लाडी व उसके आधा दर्जन साथियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बच्चे के पिता गामी पहलवान ने बताया कि उनका दूध का काम है और वह गुज्जर भाईचारे का प्रधान भी है। करीब दस महीने पहले उसका बड़ा बेटा सद्दाम हुसैन एक आपराधिक मामले में जेल में बंद था। जेल जाने के बाद बेटे की पत्नी के गुरदासपुर के चांवा इलाके में रहने वाले लाडी नाम के युवक से संबंध हो गए।
इसका पता लगने पर सद्दाम हुसैन ने मुलाकात के दौरान पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और तलाक मांगने लगी। इस पर 23 अप्रैल 2014 को सद्दाम हुसैन ने जेल के अंदर ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। उसने अपनी मौत का कारण लाडी को बताया था। इस पर पुलिस ने लाडी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया।