लुधियाना-मालेरकोटला रोड स्थित स्टार कालोनी में सोमवार सुबह मिले रॉकेट लांचर और अन्य बम को 24 घंटे बाद भी पुलिस प्रशासन ने नहीं उठवाया। इससे कालोनी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
उधर, गांव हरनामपुरा में मंगलवार की शाम 36 खोल मिले हैं। इनमें से कोई एक्टिव नहीं है। महानगर में लगातार बम मिलने से लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस भी लगातार बम मिलने से सकते में है। पुलिस ने सभी 36 बम को अपनी निगरानी में रख लिया है। इसकी सूचना आर्मी के बम स्कवायड को दे दी गई है। एडीसीपी 3 सुरेंद्र लांबा ने बताया कि हरनामपुरा के खाली प्लाट में किसी व्यक्ति ने बम देख कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर चेक किया तो पता चला कि उक्त सभी बम चले हुए हैं।
24 घंटे बाद भी पुलिस ने नहीं उठवाए बम, लोगों में दहशत
लुधियाना में मिले हैंड ग्रेनेड और बम
वहीं लुधियाना-मालेरकोटला रोड स्थित स्टार कालोनी में सोमवार सुबह मिले रॉकेट लांचर और अन्य बम को 24 घंटे बाद भी पुलिस प्रशासन ने नहीं उठवाया। इससे कालोनी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
लोग लगातार इन बम को देखने के लिए आ रहे हैं लेकिन वहां मौजूद पुलिस मुलाजिम किसी को आगे जाने की इजाजत नहीं दे रहे। पुलिस को यह भी डर सता रहा है कि कोई व्यक्ति इन बम से कोई छेड़खानी न करे और बड़ा हादसा न हो जाए। इसके लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से कालोनी में अलग अलग जगहों पर मुलाजिम खड़े कर दिए गए हैं ताकि कोई व्यक्ति किसी रास्ते से बम के पास न पहुंच पाए।
पुलिस ने सोमवार की तरह अब तक बम के चारों तरफ रेत के बोरे रखे हुए हैं। सूत्र बताते है कि पुलिस प्रशासन ने चिट्ठी लिखी थी और पहले वह चंडीगढ़ जाएगी उसके बाद उसे जालंधर भेजा जाएगा। जिसके बाद टीम आकर उसे उठा कर ले जाएगी ताकि सभी बम को डिफ्यूज किया जा सके।
स्टार कालोनी से कुछ दूरी पर रहने वाले लखविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सोमवार देर शाम को ही पता चला था कि कालोनी में बम है। देर रात तक पुलिस ने बम उठवाए नहीं। जिस कारण सारी रात उनका ध्यान बम की तरफ ही रहा कि कोई अनहोनी न हो जाए। सुरिंदर सिंह ने बताया कि कल से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। किसी व्यक्ति ने इन बम के साथ छेड़खानी की तो बड़ा हादसा भी हो सकता है।
थाना डेहलों के एसएचओ दलबीर सिंह ने कहा कि अब तक पता नहीं चल पाया है कि बम खाली प्लाट में किस व्यक्ति ने रखे है। पुलिस पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस की तरफ से आर्मी के बम स्क्वायड विभाग को लिखित रूप से भेजा गया है। इसके अलावा पुलिस ने जालंधर में भी आर्मी वालों को लिखकर भेजा है। उनकी टीम जल्द से जल्द पहुंचकर बम को अपने कब्जे में ले लेगी।