विधानसभा चुनाव की वजह से पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी अबोहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का दावा कर रहे हैं। मगर सोमवार को बस स्टैंड के नजदीक तीन हथियारबंद युवकों ने एक युवकों ने सरेआम तेजधार हथियारों से बुरी तरह घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में भय का माहौल पैदा हो गया।
युवक के परिजनों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे रेफर कर दिया। उसने श्रीगंगानगर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। करीब 33 वर्षीय हनी पुत्र देसराज के परिजनों ने बताया कि हनी अपने भाई के साथ बस स्टैंड के निकट जूस की रेहड़ी लगाता है।
दोपहर करीब एक बजे एक युवक उसे यह कहकर घर से बुलाकर लाया कि बाहर उसे उसका मामा बुला रहा है। हनी घर से बाहर निकला तो गली में खड़े दो अन्य युवकों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और अधमरा कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और उसके परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक इलाज के बाद उसे फरीदकोट रेफर कर दिया लेकिन उसके परिजन उसे श्रीगंगानगर ले गए। जहां पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर एक की पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान कलमबद्ध किए। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी गई है।