जवद्दी पुल के पास मंगलवार को युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों ने शव देख इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी और थाना दुगरी की पुलिस टीमों के साथ वहां पहुंच गई।
जांच के बाद मृतक कुलदीप सिंह (30) के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। आशंका जताई जा रही है कि कुलदीप की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसी के दोस्त ने की है। बताया जा रहा है कि युवक तीन बहनों का इकलौता भाई था और वहीं फुटपाथ पर सोता था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
थाना दुगरी के एसएचओ नीरज चौधरी ने बताया कि कुलदीप तीन बहनों का इकलौता भाई था और फुटपाथ पर ही रहता था। सोमवार की देर रात को उसके दोस्त ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद दोनों में किसी बात को लेकर काफी बहस हुई और पहले कुलदीप को पीटा गया और बाद में गला रेत उसकी हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी फरार हो गया।
सुबह राहगीरों ने खून से लथपथ शव देखा तो उसने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद सीनियर अधिकारियों के साथ-साथ थाना दुगरी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के दौरान जिस जगह पर शव मिला है कि वहां पर से नशे में इस्तेमाल होने वाली पन्नी व अन्य सामान भी बरामद हुआ है। इससे शक जाहिर किया जा रहा है कि कुलदीप ने किसी के साथ बैठकर यहां नशा किया था और बाद में झगड़ा हुआ और उसकी हत्या कर दी गई।