भोगपुर इलाके में शुक्रवार कोे बैंक की कैश वैन से 1.18 करोड़ रुपये लूटने वाले गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को पुलिस ने राजस्थान से काबू कर लिया। पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, वहीं दो फरार चल रहे हैं। पुुलिस ने अब तक 61 लाख 69 हजार बरामद कर लिए हैं।
आईजी अर्पित शुक्ला ने मंगलवार सुबह बताया कि सीआईए स्टाफ के इंचार्ज जतिंदरजीत सिंह लुटेरों को काबू करने के लिए छापामारी कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिली कि मुख्यारोपी सतिंदरपाल हैप्पी, मनोज कुमार शर्मा और सुखदेव सोनू राजस्थान मेें छिपे हुए हैं, जहां पर उनका करीबी रिश्तेदार रहता है।
इसके बाद जतिंदरजीत सिंह और उनकी टीम को राजस्थान रवाना किया गया। उन्होंने गांव बरला में दबिश दी। वहां से मनोज शर्मा से 16 लाख 37 हजार, सुखदेव सिंह सोनू निवासी भुल्लथ से 14 लाख 96 हजार और सतिंदरपाल सिंह हैप्पी से 16 लाख 98 हजार रुपये बरामद किए गए।
पुलिस को अब भी दो आरोपियों सुखविंदर सिंह निम्मा और गुरप्रीत सिंह गोपी की तलाश है। उनके पास लूट की बाकी राशि है। पुलिस इस मामले में घायल रंजीत सिंह और जसकरण बाऊ को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों के पास से लूट की वारदात में इस्तेमाल इंडिगो कार और तीन मोटरसाइकिल बरामद कर लिए गए हैं। इसके अलावा दो पिस्तौल और पांच कारतूस भी मिल गए हैं।
भोगपुर-आदमपुर रोड पर गांव मानक राय के पास शुक्रवार दोपहर लुटेरे कैश वैन से एक करोड़ 18 लाख 50 हजार रुपये लूट ले गए थे। सात लुटेरे कार और तीन बाइक पर आए थे। इस दौरान गार्ड समेत 5 मुलाजिमों को सड़क पर ही बंधक बनाए रखा था।