अस्पताल के हॉस्टल में 23 साल की रेडियोग्राफर ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। घटना पंजाब के पटियाला जिले के सरकारी राजिंदरा अस्पताल का है।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि गुरदासपुर की रहने वाली 23 साल की आरती पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में बतौर रेडियोग्राफर के तौर पर काम करती थी। गुरुवार रात ही वह छुट्टी से गुरदासपुर स्थित अपने घर से वापस हॉस्टल आई थी। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक आरती के कमरे का दरवाजा न खुला तो साथी स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस जब कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गई तो देखा कि आरती की लाश चुन्नी के सहारे पंखे से झूल रही थी। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। थाना सिविल लाइन के प्रभारी विजय पाल ने बताया कि आरती का तलाक संबंधी केस चल रहा था और गुरुवार को भी वह पेशी भुगत कर पटियाला अपने हॉस्टल में वापस लौटी थी। उन्होंने बताया कि गुरदासपुर से आरती के परिवार वालों को बुलाया गया है, उनके बयान पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।