फर्जी डिटेल मार्कशीट (डीएमसी) लेकर सेक्टर-10 स्थित होम साइंस कॉलेज में दूसरे वर्ष में दाखिला लेना दो छात्राओं पर भारी पड़ गया।
सेक्टर-3 स्थित पुलिस थाने उनके खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 120 बी के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस में यह शिकायत सेक्टर-10 स्थित डीएवी कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दिनेश तलवार के नाम से दी गई है।
क्या है मामला :
जानकारी के अनुसार होम साइंस प्रथम वर्ष की दो छात्राओं की री-अपीयर आ गई लेकिन वे इसे क्लीयर नहीं कर पाईं। दोनों छात्राओं को एक व्यक्ति ने करीब 15 हजार रुपये में फर्जी डीएमसी दे दी।
दोनों छात्राओं ने फर्जी डीएमसी के आधार पर बीएससी फैशन एंड टेक्नोलॉजी संकाय में दाखिला लिया था। मामले की शिकायत पीयू प्रशासन के अधिकारियों तक पहुंची।
डॉ. दिनेश तलवार की अध्यक्षता में पूरे मामले की जांच की गई जिसमें छात्राओं को दोषी पाया गया। कमेटी की जांच रिपोर्ट पर कुलपति ने पीयू चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर डॉ. अनिल मोंगा को पुलिस में मामला दर्ज करने के आदेश दिए।
कालेजों में फर्जी डीएमसी की होगी जांच
फर्जी डिग्री का मामला सामने आने के बाद अब पीयू प्रशासन काफी अलर्ट हो गया है। सभी कॉलेजों को जल्द ही पहले और दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों की डीएमसी चेक करने के निर्देश जारी करने की तैयारी है।
मेरे नाम से शिकायत नहीं देनी चाहिए।
कुलपति द्वारा गठित कमेटी में मुझे शामिल किया गया था। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन और चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर को दे दी थी। सिक्योरिटी ऑफिसर की ओर से मामले की शिकायत पुलिस में होनी चाहिए थी जबकि शिकायत मेरे नाम से की गई है। इस मामले में मैं सिंडीकेट में अपना पक्ष रखूंगा। पीयू प्रशासन के अधिकारियों को मेरे नाम से शिकायत पुलिस में नहीं देनी चाहिए थी। ऐसे में भविष्य में इस तरह के मामलों में कोई कमेटी में शामिल नहीं होगा।
- डॉ. दिनेश तलवार, सेक्टर-10 स्थित डीएवी कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर
दो छात्राओं के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। छात्राओं को पूछताछ की जाएगी।
- आशीष कपूर, डीएसपी सेंट्रल, चंडीगढ़