पुलिस ने कार सवार दो लोगों को भारी मात्रा नशीली दवाएं ले जाते समय गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मोहाली के मुल्लांपुर पुलिस ने की। आरोपी दवाएं सप्लाई करने के लिए जा रहे थे।
आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह उर्फ विक्की (29) व राज कुमार उर्फ राजा (24) निवासी नानकपुर थाना पिंजौर पंचकूला (हरियाणा) के रूप में हुई है। एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच में कई और राज खुलने के आसार हैं।
जानकारी के मुताबिक, मुल्लांपुर पुलिस ने टी प्वाइंट आई कालोनी के पास नाकेबंदी की थी। इस दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने वहां से गुजर रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार नंबर (एचआर-49डी-2051) को रोका, जब कार की चेकिंग की गई तो उससे नशीली दवाएं और अन्य सामान बरामद हुआ।
इस मौके पर डीएसपी राजमलविंदर सिंह व ड्रग इंस्पेक्टर नवदीप कौर भी मौजूद थीं। जब कार की तलाशी ली गई तो कार से 12000 गोलियां लोमोटिल, 2600 गोलियां माइकोलिट, 150 शीशी कोरेक्स बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह दवा सहारनपुर (यूपी) से लेकर आए हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है कि ट्राइसिटी में उनके ग्राहक कौन हैं। वह किन दुकानदारों को यह दवाएं बेचते थे।
पहले पिता-पुत्र आए थे गिरफ्त में
इससे पहले मुल्लांपुर पुलिस ने एक बाप-बेटे को गिरफ्तार किया था। जो कि मुल्लांपुर के साथ लगते एक गांव में अस्पताल खोलकर नशीली दवाएं बेचते थे। पिता हरियाणा की लैब से रिटायर था। उनसे भी पुलिस ने काफी मात्रा में दवा बरामद की थी।