थाना अनाज मंडी से पुलिस मुलाजिम हरजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि सुबह करीब सवा 11 बजे एजेंट अशोक कुमार रोजाना की तरह दुकानदारों से नगदी लेकर सरहिंद रोड पर स्थित सेंट्रल बैंक में एक्टिवा पर जा रहा था। पीड़ित ने बैग अपने कंधे पर लटका रखा था। बैग में नगदी के अलावा बैंक की कॉपियां, कागजात भी थे।
इसी बीच सरहिंद रोड पर एक होटल के सामने पीछे से मोटरसाइकिल सवार दो झपटमार पहुंचे। इनमें पीछे बैठे व्यक्ति ने बैग छीन लिया और दोनों मौके से फरार हो गए। इस दौरान 60 साल के अशोक कुमार का संतुलन बिगड़ गया और नीचे गिरने से चोटिल हो गए। सूचना के बाद पुलिस व सीआईए स्टाफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने चेहरे ढक रखे थे। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। केस दर्ज कर लिया गया है।
करीब चार साल पहले भी एजेंट से 65 हजार की हुई थी लूट: पुलिस
थाना इंचार्ज के मुताबिक बुजुर्ग एजेंट से करीब चार साल पहले भी थाना अनाज मंडी के अंतर्गत गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब के नजदीक लूट की वारदात हो चुकी है। उस समय बुजुर्ग चौक की लाइट पर खड़ा था और एक महिला उसके बैग से करीब 65 हजार रुपये निकाल कर फरार हो गई थी। इसके अलावा बस स्टैंड के नजदीक फ्लाईओवर पर भी उनके सिर पर डंडा मारकर लूटने की कोशिश की गई थी।