घर से दोस्तों के साथ घूमने गया बाबा मुकंद सिंह नगर निवासी एंथनी (18) की निर्मम हत्या कर दी गई है। हत्यारों ने मुंह पर पत्थर मारकर मौत के घाट उतारा फिर शव खाली प्लॉट में फेंक दिया। घर न पहुंचने पर परिवार वाले एंथनी को ढूंढने निकले तो रविवार सुबह घर के पास ही खाली प्लॉट में खून से लथपथ शव मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भेज दिया। थाना डिविजन-छह की पुलिस ने एंथनी के पिता मंगल सिंह की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
मंगल सिंह ने बताया कि शनिवार शाम को बाइक पर सवार युवक आए थे। उन्होंने खुद को एंथनी का दोस्त बताया था। वह उसे बाइक पर बैठाकर साथ ले गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।