धोखे से सोने का कड़ा उतरवाया, हाथ में थमा दिए नकली
महिला की शिकायत पर सेक्टर-20 पुलिस ने किया केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-20 निवासी महिला मंजुला छिब्बर ने बताया कि वह सेक्टर-20 मार्केट में दवा लेकर वापस आ रही थीं। जब वह जीएस-25 के पास पहुंची तो सुबह के नौ बज रहे थे। चौराहे के पास टी प्वाइंट के पास एक लड़का बाइक के साथ हेलमेट हाथ में लेकर खड़ा मिला। उसने उन्हें आवाज लगाई और कहा कि बिल्कुल सामने कत्ल हो गया। वह सुरक्षा के लिए खड़ा है। इसके बाद उसने कहा कि आपने सोने के कड़े पहने हुए हैं। उसने मुझे मुंह मोड़ कर खड़े हो जाने और कड़े उतार कर देने को कहा, कड़े उतारने के बाद उन्हें एक कागज में लपेट कर बनावटी कड़े दे दिए और कहा कि लिफाफे मे डाल लो, ताकि रास्ते में कोई छीन न ले। घर पहुंचकर देखा तो वह नकली थे। सविता ने बताया कि युवक ने धोखा देकर असली कड़े चोरी कर लिये। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खरीदारी करने आई महिला की गाड़ी से पर्स चोरी
पंचकूला। स्टेशनरी का सामान खरीदने आई महिला की गाड़ी से पर्स चोरी हो गया। महिला ने सेक्टर-5 थाना पुलिस को इस मामले की शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-20 निवासी महिला सविता भारद्वाज ने बताया कि वह स्टेशनरी की खरीदारी करने के लिए सेक्टर-11 की मार्केट में गई थीं। उन्होंने गाड़ी को एससीओ-34 के पीछे खड़ी कर दी थी। जब वह खरीदारी कर लौटकर आईं तो देखा कि गाड़ी में से पर्स गया है। उन्होंने बताया कि पर्स में 12 हजार रुपये कैश के साथ बैंक से संबंधित कागजात थे।