मां ने ली नन्ही अनन्या की जान, खुद को भी लगाया फंदा
- बुढ़नपुर के एक ही कमरे में दो मौत से पसरा मातम
- मां पर बच्ची की हत्या का केस दर्ज, आज होगा दोनों शवों का पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
एक महिला (मां) ने अपनी ही एक साल की नन्हीं बच्ची की जान लेकर खुद को फंदे से लटका लिया। एक साथ हुई दो मौत के बाद जब शवों को बुढ़नपुर से मॉर्चरी के लिए ले जाया जा रहा था, मातम के बीच हर किसी की जुबां पर यही सवाल था कि आखिरकार ऐसा क्यों हुआ। पुलिस ने मृतका के खिलाफ बच्ची की हत्या के आरोप में आईपीसी की धारा 302 के तहत सेक्टर-14 थाने में मामला दर्ज कर लिया है। दोनों मौत की वजहों का खुलासा वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद होगा।
मूल रूप से यूपी के हरदोई निवासी पूजा की शादी करीब तीन साल पहले श्रवण के साथ हुई थी, जो प्लंबर का काम करता है। रोजाना की तरह बुधवार सुबह किराये के मकान से काम के लिए बाहर निकला। लेकिन, काम न मिलने की वजह से वह करीब 10.15 बजे कमरे पर लौट आया। इसी मकान के ग्राउंड फ्लोर पर पूजा की मां उर्मिला और नानी के अलावा एक छोटी बहन भी रहती हैं। लौटने पर जैसे ही श्रवण अपने कमरे में घुसा, उसने अपनी पत्नी पूजा को पंखे से चुन्नी से लटकते देखा। उसने तुरंत ही उसे फंदे से उतारा और जब देखा तो उसी कमरे में उसकी एक वर्षीय बेटी अनन्या भी बेसुध पड़ी थी। उसे भी उठाकर देखा तो सांसे थम गईं थी। परिजनों को जैसे ही एक साथ दो मौत की खबर मिली, पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचकर टीम ने मौके पर सभी पहलुओं की छानबीन की और कमरे को बंद कर दिया। इस मामले में पुलिस ने पति से भी पूछताछ की, बाद में पूजा की मां उर्मिला के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर, दोनों शवों को मॉर्चरी में रखवा दिया है।
तीन साल पहले हुई थी पूजा की शादी
पड़ोसियों ने बताया कि पिछले करीब पांच साल से पूजा का परिवार बुढ़नपुर में किराये के मकान में रह रहा है। श्रवण का शराब पीने को लेकर बीच-बीच में पूजा से भी नोंकझोंक होती थी। उर्मिला ने बताया कि सुबह भी पूजा से उनकी मुलाकात हुई थी और वह बिल्कुल ठीक थी। पति के जाने के बाद भी घर में थी, पता नहीं कब और कैसे यह कदम उठाया। पुलिस इस मामलेे से जुड़े तमाम पहलुओं की छानबीन कर रही है। लेकिन, मौत की वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा।
एक मार्च को मनाया था अनन्या का पहला जन्मदिन
एक मार्च को नन्हीं अनन्या के जन्मदिन इसी घर में मनाया गया था, जिसमें आसपास रहने वाले भी शामिल हुए थे। बार-बार यह सवाल उठ रहा है कि आखिरकार एक मां ने अपनी ही बेटी की हत्या क्यों और कैसे कर दी।
कोट्स
22 वर्षीय पूजा ने चुन्नी से फंदा लगाया, जिसकी मौत हो गई। पूजा के खिलाफ सेक्टर-14 थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वीरवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा, इसके बाद ही मौत की वजह साफ होगी।
सुखदेव सिंह, एसएचओ, सेक्टर-14 थाना