संदिग्ध हालात में पेड़ से लटकी मिली युवक की लाश
दोस्त के साथ जीरकपुर से ड्यूटी के बाद लौटा था लेकिन घर नहीं पहुंचा
अमर उजाला ब्यूरो
पिंजौर।
पिंजौर-बद्दी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव कर्णपुर में सनसनी फैल गई, जब गांव के साथ लगते खेतों में गांव के ही एक दिन पहले गायब युवक की संदिग्ध हालात में पेड़ से लटकी लाश मिली। युवक का नाम सुरजीत (20) पुत्र हरमेश है। सुरजीत अभी अविवाहित था। पुलिस को दी जानकारी में मृतक सुरजीत के छोटे भाई जगतार सिंह ने बताया कि उसका भाई सुरजीत जीरकपुर में एक दवा कंपनी के गोदाम में काम करता था। वीरवार को सुबह करीब आठ बजे वह घर से नाश्ता खाकर काम के लिए जीरकपुर निकला था। सुरजीत के एक दोस्त ने बताया कि वीरवार शाम को सुरजीत उसके साथ ही पिंजौर तक आया था। पिंजौर से सुरजीत अपने गांव को चला गया लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। मृतक के भाई जगतार ने बताया कि वीरवार को देर रात तक जब सुरजीत घर नहीं पहुंचा तो उन्होंने उसे फोन किया। फोन पर बैल गई लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। पूरा परिवार उसे रात भर ढूंढता रहा। तभी शुक्रवार को सुबह उनके एक रिश्तेदार ने सूचना दी कि उनके खेतों में शहतूत के पेड़ पर सुरजीत की लाश लटकी है। परिवार ने जाकर देखा तो पाया कि सुरजीत पेड़ पर चुन्नी के फंदा से लटका था। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया। कुछ ही समय में थाना पिंजौर प्रभारी सुखबीर सिंह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरजीत की जेब की तलाशी तो उसका पर्स और एक खाली बैग मिला है। घटनास्थल का मुआयना फोरेंसिक टीम ने भी किया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कालका के सरकारी अस्पताल में रखवाया है। पुलिस जांच कर रही है।
सरकारी नौकरी न मिलने से था हताश
जानकारी देते हुए केस जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में पाया मृतक के भाई जगतार ने पुलिस को बताया कि मृतक सुरजीत मानसिक रूप से परेशान था पुलिस इसे ही सुरजीत के आत्महत्या का कारण मान कर चल रही है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नही हुआ है।