सड़क हादसे में जख्मी महिला की ज्वेलरी चोरी
एक्स-रे के बाद लैब से ज्वेलरी गायब होने की पुलिस को दी शिकायत
इंफोसिस में कार्यरत महिला डॉल्फिन चौक के पास हुई थी चोटिल
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सड़क हादसे में घायल हुई सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला ने करीब दो लाख रुपये के गहने चोरी होने की शिकायत पुलिस को दी है। अपनी शिकायत में महिला ने उस लैब से आभूषण गायब होने का आरोप लगाया है, जहां उन्होंने एक्स रे करवाया था। उधर, लैब प्रबंधन ने इससे इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत की सभी पहलुओं से जांच करने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
बुधवार करीब तीन बजे एमडीसी के रेल विहार में रहने वाली महिला प्रियंका एक्टिवा से दोस्त के साथ ऑफिस जा रही थीं। इस दौरान डॉल्फिन चौक के पास वह दुर्घटनाग्रस्त हो गईं, इस हादसे में उनके कंधे और पांव में चोटें आई थीं। जख्मी महिला के पति वरुण ने बताया कि उनकी पत्नी इंफोसिस में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर कार्यरत है। दोपहर बाद वह एक दोस्त के साथ दफ्तर जा रही थी। डॉल्फिन चौक के पास हादसे के बाद उनकी पत्नी चैरिटेबल लैब गई थी। इस दौरान उसके दफ्तर के अन्य दोस्त भी साथ थे। महिला का कहना है एक्स-रे के दौरान उन्होंने मंगल सूत्र, सोने की चेन सहित अन्य ज्वेलरी उतार दी थी। एक्स-रे के बाद दफ्तर पहुंचने पर जब उन्होंने दोस्तों से ज्वेलरी के बारे में पूछा तो दोस्तों ने बताया कि लैब में एक्स-रे के दौरान मौजूद लेडी असिस्टेंट ने उन्हें ज्वेलरी नहीं लौटाई।
इसके बाद दोबारा महिला अन्य साथी के साथ लैब पहुंची और आभूषणों के बारे में पूछा। उसे एक सोने का लॉकेट दिया गया, लेकिन मंगल सूत्र और सोने की चेन गायब थी। इस बारे में पूछने पर लैब प्रबंधन ने ज्वेलरी उनके पास न होने की बात कही।
घटना की जानकारी मिलने पर महिला के पति ने इस मामले की शिकायत एमडीसी थाने में दी। पुलिस छानबीन कर रही है। एसएचओ हरभजन सिंह ने बताया कि ऐसी एक शिकायत आई है, जिसकी जांच की जा रही है।