महिलाओं से संबंध बनाने की वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़े बाबा बालकनाथ मंदिर के अमरपुरी नागा उर्फ बिल्लू के मामले में पुलिस ने कई अहम खुलासे किए हैं। पुलिस ने उसके मंदिर स्थित कमरे से 120 अश्लील सीडियां बरामद की है। इन सभी वीडियो में बाबा महिलाओं से संबंध बनाते दिखाई दे रहा है। साथ ही नशे की 20 गोलियां भी बरामद की गई हैं।
विज्ञापन
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाबा महिलाओं का इलाज करने के बहाने उनको नशे की गोलियां दे देता था और इसके बाद उनसे संबंध बनाकर वीडियो बना लेता था। यही नहीं वह सम्मोहन क्रिया भी जानता था और महिलाओं को हिपनोटाइज भी कर लेता था। शुक्रवार को पुलिस ने बाबा को अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 5 दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं सूत्रों से पता चला है कि पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं सहित तीन लोगों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टोहाना के शक्ति नगर में स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर के महंत अमरपुरी नागा की महिलाओं से सेक्स संबंध बनाते की कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। किसी ने इसकी शिकायत टोहाना के डीएसपी जोगिन्द्र शर्मा को दी तो डीएसपी ने गुरूवार को सीआईए, महिला थाना व सिटी थाना की 3 टीमों का गठन करके बाबा को हिरासत में लेने के आदेश दिए। पुलिस ने बाबा अमरपुरी को हिरासत में लेकर उससे रेप, आईटी एक्ट, ब्लैकमेलिंग सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
विज्ञापन
पुलिस ने उसके कमरे से 120 वीडियो बरामद की हैं, जिसमें वह महिलाओं से सेक्स संबंध बनाते दिखाई दे रहा है। वहीं मौके से 20 नशीली गोलियां, तंत्र विद्या का सामान भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बाबा सम्मोहन विद्या भी जानता था और महिलाओं को हिपनोटाइज भी कर लेता था। बाबा महिलाओं को झाड़-फूंक के बहाने नशे की दवाएं देता था। इसके बाद जब महिलाएं बेहोशी की हालत में होती थी तो वह उनसे संबंध बनाता था और अपने मोबाइल से वीडियो तैयार करता था। इसके बाद वह महिलाओं को वीडियो दिखाकर उनको ब्लैकमेल करके उनसे रुपये भी ऐंठता था। बाबा का खौफ इतना था कि पड़ोसी भी उससे डरते थे।
बाबा के मंदिर में थे तीन दरवाजे
टोहाना स्थित बाबा का डेरा
बाबा बालकनाथ का मंदिर शक्ति नगर में बना हुआ है जहां बाबा के मंदिर के तीन दरवाजे बनाए हुए हैं। बाबा ने मंदिर में अंडरग्राउंड बिल्डिंग बनाई है, उसके नीचे ही बाबा तंत्र विद्या कर महिलाओं को अपने वश में करता था और उनके साथ दुराचार को अंजाम देता था। बाबा ने मंदिर में एक हवन कुंड भी बनाया है तथा एक गिलास में पानी के बीच में नींबू को रखा गया है। बाबा ने अपनी गुफा में कैमरे भी लगाए गए हैं तथा इस गुफा टाइप कमरों में बाबा तंत्र विद्या के लिए आई महिलाओं के अलावा किसी को जाने नहीं देता था। जिसके चलते वहां से गुजरने वाले लोगों को महिलाओं की अलग-अलग तरह की आवाजें भी सुनाई देती थी।
बाबा के नीचे के कमरों में दिन-रात लाइटें जलती रहती थी तथा कई बार ऊंची आवाज में गीत भी चलते थे। बाबा पहले भभूति आदि बनाकर महिलाओं पर झाडफ़ूंक का ढोंग रचता था, इसके बाद उन्हें नशीली दवा देता था। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं व एक पुरुष को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं बाबा को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
मोहल्लावासियों के अनुसार बाबा गुरूवार के दिन महिलाओं को पूजा करने के बहाने बुलाता था तथा उनके साथ ऐसे कार्यों को अंजाम देता था। उसके पास अधिकतर महिलाएं ही आती थी। यह भी बताया गया है कि बाबा के लिए कुछ महिलाएं भी काम करती थी जो महिलाओं व लोगों को बहला-फुसलाकर लेकर महंत के मंदिर में आती थी ये महिलाएं एक तरह से बाबा के लिए एजेंट का कार्य करती थी।
महिला थाना प्रभारी बिमला देवी ने बताया है कि प्रारंभिक पूछताछ में बाबा ने सम्मोहन क्रिया जानने और उसका इस्तेमाल महिलाओं पर करने की बात कबूली है। इसके अलावा महिला एसएचओ बिमला देवी ने उन महिलाओं से अपील की है, जो इस बाबा का शिकार बनी हैं। पुलिस ने कहा है कि ऐसी महिलाएं पुलिस के सामने आकर अपना ब्यान दर्ज करवाएं। उनकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और उनके परिजनों को भी इसकी जानकारी नहीं दी जाएगी।