पंजाब के पटियाला में पबजी गेम ने 12 साल के बच्चे की जान ले ली। छह दिन बाद भाखड़ा नहर में उसकी लाश मिली। पुलिस के मुताबिक, बच्चे ने पबजी गेम खेलते समय उसमें कुछ ऐसा देख लिया था, जिससे वह काफी तनाव में था। जिस कारण उसने नहर में छलांग लगाकर जान दे दी।
जांच अधिकारी एएसआई बलकार सिंह ने बताया कि आर्यन पुत्र लाल चंद निवासी भारत नगर पबजी गेम का एडिक्ट बन चुका था। माता-पिता के मुताबिक वह हर समय पबजी गेम खेलता रहता था। गेम खेलते वक्त उसने कुछ ऐसा देख लिया था कि जिससे वह मानसिक तौर पर काफी परेशान हो गया था।
ऊपर से मां ने भी डांट दिया कि हर समय गेम पर लगा रहता है, पढ़ भी लिया कर। इसके बाद 20 अप्रैल को शाम करीब चार बजे आर्यन चुपके से घर से कहीं चला गया। परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। रविवार बाद दोपहर शुतराणा के पास भाखड़ा नहर से आर्यन की लाश बरामद हुई।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक आर्यन अपने माता-पिता का इकलौता लड़का था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव वारिसों के हवाले कर दिया।