देहरादून के सहसपुर में धर्मावाला चौकी पुलिस ने लॉकडाउन के दौरान सब्जी की आड़ में नशीले कैप्सूलों की तस्करी कर रहे दो तस्करों को धर दबोचा। दोनों के पास से 1880 नशील कैप्सूल और टैैबलेट बरामद किए गए हैं। पुलिस ने छोटे लोडर वाहन को भी सीज किया है। दोनों बादशाहीबाग उत्तर प्रदेश से नशीले कैप्सूलों की तस्करी कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार बीते शनिवार शाम को पुलिस दर्रारेट बैरियर के पास चेकिंग के दौरान एक लोडर वाहन आता दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने वाहन को रोका तो उसमें दो लोग सवार थे। पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से 1880 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इस पर पुलिस ने दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान इरशाद पुत्र तासीन निवासी मदीना बस्ती विकासनगर और गौरव डंग पुत्र तिलक राय गुरुद्वारा गली विकासनगर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह अधिक पैसे कमाने के लालच में सब्जी की आड़ में बादशाहीबाग से नशीली दवाइयां खरीदकर विकासनगर में महंगे रेट पर बेचते थे। चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुंसाई ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही है।
20 लीटर कच्ची शराब के साथ दो दबोचे
धर्मावाला चौकी पुलिस ने 20 लीटर कच्ची शराब के साथ दो आरोपियों को दबोचा है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को चेकिंग के दौरान आसन पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान धीरज पुत्र स्व. कृपा राम निवासी फतेहपुर ग्रांट थाना सहसपुर और सोनू पुत्र कदम निवासी बद्रीपुर सहसपुर के रूप में हुई।