दो साल पहले 5 करोड़ की हेरोइन के साथ पकड़े गए युवक अब सजा भुगतेगा। अदालत ने उसे दोषी ठहराते हुए बड़ी सजा सुनाई। अदालत ने आरोपी को जसबीर सिंह को 10 साल की सजा और एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माना नहीं चुकाने पर जसबीर को दो साल और जेल में काटने पड़ेंगे। यह फैसला अतिरिक्त जिला सेशन जज अंशुल बेरी ने सुनाया है। सरकार की ओर से उप जिला अटार्नी गुरदीप सिंह केस लड़ रहे थे।
रात में एक्टिवा से हेरोइन लेकर आ रहा था
जानकारी के मुताबिक चार जुलाई 2014 को थाना फेज-1 पुलिस एवं सीआईए स्टाफ ने फेज-6 स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास नाका लगा रखा था। नाके की अगुवाई तत्कालीन एसएचओ राजीव कुमार कर रहे थे। रात साढ़े दस बजे एक्टिवा (पीबी 02 बीयू 5328) पर एक व्यक्ति आ रहा था। पुलिस को देखकर वह एक्टिवा छोड़कर भागने लगा। इस दौरान पुलिस ने उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर एक्टिवा की डिग्गी से एक किलो हेरोइन बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना फेज-1 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
एमपी में ढाबे से चलाता था नशे का कारोबार
पुलिस पूछताछ में पता चला था कि जसबीर जब सेंट्रल जेल में बंद था। उस दौरान उसने अपने लिंक मध्यप्रदेश में बना लिए थे। वर्ष 2003 में पुलिस से बचते हुए वह मध्यप्रदेश चला गया था। वहां पर उसने एक ढाबा खोला था। लेकिन असल में उसका कारोबार नशे का ही था। कुछ समय बाद वह पंजाब में सक्रिय हो गया था।