पठानकोट के सुजानपुर में हॉर्डवेयर स्टोर पर दुकानदार और उसके सेल्समैन पर पिस्तौल तानकर लुटेरों ने 10 लाख रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देकर लुटेरे फरार हो गए। श्यामा आयरन एंड हार्डवेयर स्टोर का मालिक श्याम महाजन रोजाना की तरह सवा 9 बजे के करीब सामान समेट कर दुकान बंद करने की तैयारी में था। तभी अचानक 3 लोग दुकान में घुसे। उनमें से एक ने हेलमेट पहना था, जबकि दो ने चेहरा ढका हुआ था।
दुकान के अंदर घुसते ही 2 लोगों ने पिस्तौल निकालकर नौकर और मालिक पर तान दिया। जबकि तीसरे ने दातर निकाल कर काउंटर पर मारा। दहशत के मारे दुकानदार और नौकर सन्न हो गए। वहीं लुटेरे काउंटर पर पड़ा पैसों से भरा बैग उठाकर फरार हो गए। दुकानदार उनके पीछे भागा तभी एक लुटेरे ने उस पर दातर से हमला कर दिया। हालांकि दुकानदार को चोट नहीं आई लेकिन लुटेरे वहां से भाग गए। लूट की सारी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों का पता लगाने में लगी है।