मामूली झगड़े के बाद एक व्यक्ति ने अपने दोस्त का सिर दीवार में टकराकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव मोहाली के जंगल में फेंक दिया। एक राहगीर ने शव को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच में मृतक की पहचान फैदां गांव निवासी सुनील (40) के रूप में हुई है। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपी दोस्त सुबोध (42) के खिलाफ 302 (हत्या) और 201 (सबूत मिटाना) के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
बुधवार देर रात वारदात के बाद मोहाली पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस से संपर्क किया। सेक्टर-31 थाना प्रभारी राजदीप सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम मृतक के घर पहुंची। फैदां निवासी दर्शन (मकान मालिक ) ने पुलिस को बताया कि उसने अपने गांव में कुछ कमरे किराया पर उठा रखा है। उसने एक कमरा बिहार के गांव चंद्रहाया निवासी सुबोध को किराये पर दे रखा है, जबकि दूसरे में बिहार के मुजफ्फर नगर निवासी रामविले रहता है।
कुछ दिन पहले ही रामविले का जानकार बिहार निवासी सुनील उसके कमरे में साथ रहने लगा था। तीनों मजदूरी का काम करते हैं। दर्शन ने बताया कि बुधवार को सुबोध एक ऑटो में सुनील को संदिग्ध हालत में लेकर जा रहा था। इस दौरान दर्शन ने सुबोध से पूछा कि सुनील को कहां लेकर जा रहे हो। इस पर सुबोध ने कहा कि सुनील ने ज्यादा शराब पी है। उसकी तबीयत खराब है। वह अस्पताल ले जा रहा है। बाद में दर्शन को पता चला कि सुनील का शव मोहाली पुलिस को फेस-11 में मिला है।
दोनों ने दिनभर पी शराब
पुलिस जांच में सुबोध ने दर्शन को कॉल कर उसे बताया कि उसका किसी बात को लेकर सुनील के साथ झगड़ा हो गया था और इस दौरान ही उसने सुनील का सिर दीवार में मार कर उसकी हत्या कर दी है। इसका उसे खेद है। दर्शन ने कहा कि वह उसे आकर मिले, लेकिन सुनील ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद मोहाली पुलिस सुनील का शव जीएमसीएच-32 के शव घर में रखवा दिया। मकान मालिक दर्शन के बयानों के आधार पर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। बिहार से सुनील के परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
इस महीने शराब पीने के बाद तीसरी हत्या
बता दें कि बीते 22 नवंबर को सेक्टर-52 में दोस्त के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस जांच में दोनों ने इकट्ठे शराब पी और फिर झगड़े के बाद उसकी हत्या कर दी। हालांकि, सेक्टर-36 थाना पुलिस ने वारदात के करीब पांच घंटे बाद मामला सुलझाकर आरोपी को दबोच लिया था। वहीं, दूसरे मामले में सेक्टर-40 शराब पीने के बाद एक दोस्त ने दूसरे के सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी थी।